आदित्यपुर में झामुमो युवा मोर्चा को मिला नया नेतृत्व, अमित कुमार सिन्हा बनाए गए नगर अध्यक्ष
सरायकेला, 27 जुलाई : राजनगर प्रखंड के बाघराईसाई में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कार्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से आदित्यपुर नगर कमेटी का विस्तार किया गया। इस दौरान सर्वसम्मति से अमित कुमार सिन्हा को झारखंड युवा मोर्चा के आदित्यपुर नगर अध्यक्ष के रूप मनोनीत किया गया।
नवनियुक्त नगर अध्यक्ष को राज्य के भू-राजस्व एवं निबंधन मंत्री दीपक बिरुआ, झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो तथा झारखंड युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष भुग्लू सोरेन की उपस्थिति में आधिकारिक रूप से मनोनयन पत्र सौंपकर नई जिम्मेदारी दी गई। इस अवसर पर वरीय नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
अपने मनोनयन पर अमित कुमार सिन्हा ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह दायित्व सौंपा है, उसपर पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, युवाओं को पार्टी से जोड़ना तथा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।
बैठक में जिले भर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से खरसावां विधायक दशरथ गागराई, ईचागढ़ विधायक सबिता महतो, झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश महाली, गणेश चौधरी तथा सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।