समाजसेवी विश्वनाथ महतो की पहल पर उपायुक्त ने दिया त्वरित कार्रवाई के निर्देश

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जर्जर सड़क की मरम्मत और आपदा पीड़ितों के लंबित मुआवजा मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया आश्वासन

जमशेदपुर, 24 जुलाई : जनहित से जुड़े दो महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में डिमना लेक मार्ग की जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत एवं भारी वाहनों के संचालन पर नियंत्रण लगाने की मांग की गई। वहीं, जंगली जानवरों के हमले, सड़क दुर्घटनाओं, वज्रपात सहित अन्य आपदाओं के पीड़ित परिवारों को लंबित मुआवजा राशि भुगतान करने की मांग की है।

विश्वनाथ महतो ने उपायुक्त को बताया कि मिर्जाडीह तालाब से एमजीएम अस्पताल तक डिमना लेक जाने वाली सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। लगातार बारिश के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले मजदूरों, विद्यार्थियों, मरीजों, स्थानीय नागरिकों एवं वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, डायमंड लाइन के भारी वाहनों के लगातार परिचालन से सड़क की स्थिति और खराब हो रही है तथा अक्सर जाम लगने से एंबुलेंस एवं स्कूली वाहनों का आवागमन भी प्रभावित होता है।

ज्ञापन में सड़क की तत्काल मरम्मत, गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण, भारी वाहनों के प्रवेश पर आवश्यक नियंत्रण, वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए संबंधित विभाग एवं ट्रैफिक पुलिस को निर्देश देने की मांग की गई।

इसके अतिरिक्त विश्वनाथ महतो ने जिले में पिछले एक वर्ष के दौरान वज्रपात, डूबने, सड़क दुर्घटनाओं, जंगली हाथियों के हमलों एवं अन्य आपदाओं में जान गंवाने वाले लोगों के आश्रितों को अब तक लंबित मुआवजा राशि नहीं मिलने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद कई परिवार महीनों से आर्थिक सहायता की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक एवं मानसिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उपायुक्त ने दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने तथा लंबित अनुग्रह अनुदान मामलों की समीक्षा कर पात्र पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने का आश्वासन दिया।

समाजसेवी विश्वनाथ महतो ने कहा कि प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लिया जाना जनहित की दिशा में सकारात्मक पहल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सड़क मरम्मत एवं मुआवजा वितरण की प्रक्रिया जल्द पूरी होने से आम जनता और पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।

Share This Article