22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों में आयोजित बीएलओ एवं बीएलए-2 की तृतीय बैठक में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई
जमशेदपुर, 21 जुलाई : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के तहत मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की समीक्षा एवं आगामी गतिविधियों के संबंध में जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता गणना प्रपत्रों के वितरण एवं डिजिटाइजेशन की अद्यतन स्थिति साझा की गई। बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ एवं बीएलए-2 की तृतीय बैठक तथा निर्वाचन पाठशाला का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची एवं ASDD सूची का सत्यापन कर उसे अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उपायुक्त ने राजनीतिक दलों से अपने-अपने बीएलए-2 को बैठक में अनिवार्य रूप से शामिल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ASDD सूची में डुप्लीकेट, मृत,स्थायी रूप से स्थानांतरित,अनुपलब्ध तथा गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर से इनकार करने वाले मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियों का गंभीरता से सत्यापन किया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा अपात्र व्यक्तियों के नाम चिन्हित किए जा सकें।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मतदान केंद्र स्तर पर आयोजित बैठक में 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने तथा दावे एवं आपत्तियों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं संबंधित हितधारकों से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। बैठक ईआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी, एईआरओ व अन्य संबंधित उपस्थित रहे।