वार्ड पार्षद पूजा महतो के प्रयास से कपाली नगर परिषद में लगी स्ट्रीट लाइटें, लोगों में खुशी
चांडिल, 19 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 16 में लंबे समय से चली आ रही अंधेरे की समस्या से लोगों को राहत मिली है। अब वार्ड पार्षद पूजा महतो के प्रयास से स्ट्रीट लाइट की समस्या का समाधान हो गया है। वार्ड 16 के विभिन्न क्षेत्रों में 20 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं, जिससे स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
स्ट्रीट लाइटें लगने के बाद अब रात के समय आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा। लंबे समय से अंधेरे की समस्या से जूझ रहे वार्डवासियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने वार्ड पार्षद पूजा महतो के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नई स्ट्रीट लाइटों से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी और रात के समय दुर्घटनाओं एवं असामाजिक गतिविधियों पर भी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद पूजा कुमारी महतो ने कहा कि वार्ड के विकास और जनसुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में सड़क, नाली, पेयजल, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे।