एलबीएसएम कॉलेज के छात्र पर जानलेवा हमला, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परसुडीह थाना का घेराव
जमशेदपुर, 18 जुलाई : एलबीएसएम कॉलेज के छात्र शुक्रा हो पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में परसुडीह थाना परिसर आंदोलन का केंद्र बन गया। बड़ी संख्या में छात्र, ग्रामीण और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि थाना पहुंचे और मुख्य गेट पर प्रदर्शन करते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन पर मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
घायल छात्र शुक्रा हो ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह अस्पताल से खाना खाने के लिए निकला था। इसी दौरान परसुडीह थाना क्षेत्र के दुर्गा पूजा मैदान मोड़ के पास बाइक से आए चार-पांच युवकों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, लोहे की चेन और अन्य हथियारों से उसके सिर, हाथ और कमर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शुक्रा हो ने बताया कि कुछ दिन पहले उसने छात्रावास परिसर में एक युवक और युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। उसे आशंका है कि उसी घटना का बदला लेने की नीयत से उस पर हमला कराया गया। पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद उसने परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं प्रदर्शनकारियों ने जल्द कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।