जंगल में पेड़ पर लटकता हुआ पाया गया महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जंगल में पेड़ पर लटकता हुआ पाया गया महिला का शव, जांच में जुटी पुलिस

चांडिल, 14 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित फॉरेस्ट इलाके के घने जंगल के बीच से मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।

महिला का शव एक पेड़ से लटका हुआ पाया गया। बताया जा रहा है कि जंगल के पास कुछ बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे। खेल के दौरान गेंद जंगल में चली गई, जिसकी तलाश में बच्चे भी जंगल की ओर चले गए, जहां बच्चों की नजर महिला के शव पर पड़ी। शव देखकर घबराए बच्चे सीधे अपने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने कपाली पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका ने लाल रंग की नाइटी पहन रखी थी। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। वह कहां की रहने वाली थी, जंगल तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

पुलिस ने आसपास के लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास महिला की पहचान या घटना से जुड़ी कोई जानकारी हो तो वह पुलिस को सूचना दें, ताकि मामले की सच्चाई जल्द सामने आ सके।

Share This Article