कपाली के बंधुगोड़ा कलम चौक से मस्जिद जाने वाली सड़क पर जलजमाव, राहगीरों की बढ़ी परेशानी
चांडिल, 11 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद अंतर्गत वार्ड संख्या 14 में बंधुगोड़ा कलम चौक से मस्जिद जाने वाली सड़क की स्थिति बारिश के बाद बेहद खराब हो गई है। हल्की बारिश होते ही सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर फैले कीचड़ और जलजमाव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक दिक्कत महिलाओं, बुजुर्गों, स्कूली बच्चों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। लोगों के अनुसार, हल्की बारिश के बाद ही सड़क की हालत ऐसी हो जाती है कि उसे पार करना किसी चुनौती से कम नहीं रहता।
इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। उनका कहना है कि चुनाव के समय विकास के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन आज भी सड़क की स्थिति बदहाल बनी हुई है। लोगों ने सवाल उठाया कि आखिर इस समस्या का जिम्मेदार कौन है और कब तक जनता को ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
वहीं, वार्ड संख्या 14 के वार्ड पार्षद मुमताज अंसारी ने बताया कि हल्की बारिश होते ही सड़क पर इतना कीचड़ और पानी भर जाता है कि पैदल चलना तो दूर, साइकिल से भी गुजरना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कपाली नगर परिषद को लिखित शिकायत दी गई है। नगर परिषद की ओर से आश्वासन मिला है कि सड़क की मरम्मत का कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें नगर परिषद के आश्वासन पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कर इस गंभीर समस्या का समाधान किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने सांसद, विधायक और कपाली नगर परिषद के अध्यक्ष पर जनता के समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। लोगों ने सवाल खड़े करते हुए कहा कि यदि नगर परिषद की ओर से समस्या का समाधान नहीं हो रहा तो क्या इस पर सांसद और विधायक को प्रयास नहीं करना चाहिए?