डीजीपी तदाशा मिश्रा ने सरायकेला में रथ मेला की सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को दी आवश्यक निर्देश
सरायकेला, 10 जुलाई : झारखंड पुलिस महानिदेशक (DGP) तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को सरायकेला के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेला की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था की तैयारियों का निरीक्षण किया। डीजीपी बनने के बाद यह उनका सरायकेला-खरसावां जिले का पहला दौरा था।
निरीक्षण के दौरान डीजीपी ने कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी, एसडीपीओ अभिनव भारद्वाज तथा अन्य वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ श्री जगन्नाथ मंदिर और रथ मेला परिसर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने पर बल दिया। इस अवसर पर सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी एवं अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
इससे पूर्व डीजीपी तदाशा मिश्रा समाहरणालय परिसर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं, जहां सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस द्वारा उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
डीजीपी के दौरे को आगामी श्री जगन्नाथ रथ यात्रा मेला की सुरक्षा तैयारियों के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके निरीक्षण एवं दिशा-निर्देशों से पुलिस प्रशासन मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है।