ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा ने आजीविका योजनाओं का किया निरीक्षण, JSLPS के नवाचारों की सराहना

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

खूंटी, 09 जुलाई : भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय की संयुक्त सचिव स्वाति शर्मा ने झारखंड दौरे के दौरान मनरेगा आयुक्त के साथ खूंटी जिले के तोरपा और खूंटी प्रखंड में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और नवाचार आधारित प्रयासों की सराहना की।

दौरे की शुरुआत तोरपा प्रखंड के दोरमा गांव से हुई, जहां संयुक्त सचिव ने पंचघाघ एफपीओ की लेयर बर्ड ब्राउन एग उत्पादन इकाई (BV-380) का निरीक्षण किया। उन्होंने एफपीओ के निदेशक मंडल, सीएलएफ (क्लस्टर लेवल फेडरेशन) के सदस्यों और जेएसएलपीएस टीम से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने पोल्ट्री शेड के विकास के लिए पशुपालन विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद उन्होंने खूंटी प्रखंड के गुटजोरा गांव स्थित आजीविका संसाधन केंद्र (ARC) का दौरा किया। यहां बत्तख पालन, हार्डनिंग यूनिट, ड्रैगन फ्रूट की खेती, हैचरी यूनिट, पॉलीहाउस नर्सरी और अनानास की खेती जैसी विभिन्न आजीविका परियोजनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की विविध आजीविका गतिविधियां ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त सचिव ने सीएलएफ की महिला नेताओं और प्रखंड स्तरीय सामुदायिक कैडरों से भी संवाद किया। इस अवसर पर आजीविका मोबाइल एप और LOKOS प्लेटफॉर्म का लाइव प्रदर्शन किया गया, जिसमें स्वयं सहायता समूह (SHG) एवं ग्राम संगठन (VO) की प्रोफाइलिंग के साथ फेस ऑथेंटिकेशन प्रणाली का सफल उपयोग दिखाया गया। उन्होंने सामुदायिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में डिजिटल तकनीकों के बढ़ते उपयोग की सराहना की।

इस मौके पर खूंटी के उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जेएसएलपीएस के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक (आजीविका) प्रवीण कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक मनीषा सांचा, तोरपा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला एवं प्रखंड स्तरीय जेएसएलपीएस पदाधिकारी तथा सामुदायिक कैडर उपस्थित रहे।

Share This Article