कथित मानव तस्करी के आरोप में आरपीएफ ने एक युवक को किया गिरफ्तार, चार नाबालिग बरामद
रांची, 08 जुलाई : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट हटिया ने ऑपरेशन “एएचटी” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नाबालिग बालकों को कथित मानव तस्करी का शिकार होने से बचाया है।
इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) थाना, कोतवाली के हवाले कर दिया गया है। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे बिहार के नवादा जिले के रहने वाले हैं और आरोपी उन्हें नौकरी तथा अच्छे वेतन का झांसा देकर बेंगलुरु ले जा रहा था।
आरोपी की पहचान बिहार के नवादा निवासी 25 वर्षीय आशीष यादव के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसे एक अन्य व्यक्ति ने बच्चों को बेंगलुरु पहुंचाने की जिम्मेदारी दी थी। इसके लिए उसे टिकट और यात्रा खर्च के लिए पैसे दिए गए थे। वहीं, बच्चों को पहुंचाने पर चार हजार रुपये कमीशन मिलने की बात कही गई है।
आरोपी ने यह भी कबूल किया कि करीब एक माह पहले भी वह दो नाबालिग बच्चों को इसी तरह बेंगलुरु ले जा चुका है।