डीडी बार हत्याकांड मामले में भाजपा नेता नीरज सिंह सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने भेजा जेल
जमशेदपुर, 08 जुलाई : चर्चित डबल डाउन (डीडी) बार हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिष्टुपुर थाना कांड संख्या-84/26 के शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए डीडी बार के मालिक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह, अप्राथमिकी अभियुक्त सुदर्शन मंडल उर्फ लाल्टू तथा राजेश मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किया हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायालय के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, डीडी बार मालिक नीरज सिंह को राजस्थान के सीकर से गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार देर रात को उन्हें जमशेदपुर लाकर हत्याकांड के संबंध में पूछताछ की गई, इसके बाद बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि 27 जून की रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (डीडी) बार में चाकूबाजी की घटना हुई थी। इस हमले में हिमांशु सिंह और प्रत्यूष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान हिमांशु सिंह की मौत हो गई, जिसके बाद यह मामला चर्चित हत्याकांड में बदल गया।
उधर, बुद्ध को ही मामले के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा ने भी पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय ने उसे भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारीफ ने कहा कि कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।