धनबाद सांसद ढुल्लू महतो का विधायक अरूप चटर्जी पर बड़ा हमला, प्रिंस खान से संबंध और रंगदारी के लगाए गंभीर आरोप

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

धनबाद सांसद ढुल्लू महतो का विधायक अरूप चटर्जी पर बड़ा हमला, प्रिंस खान से संबंध और रंगदारी के लगाए गंभीर आरोप

धनबाद, 07 जुलाई : परिसदन में मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद ढुल्लू महतो ने एक बार फिर निरसा विधायक अरूप चटर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सांसद ने विधायक पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने निरसा विधायक को भगोड़ा प्रिंस खान का सबसे बड़ा संरक्षक बताया।

सांसद का आरोप है कि विधायक ने कोयलांचल के ईमानदार नेता ए.के. राय का नामोनिशान मिटा दिया। उन्होंने अरूप चटर्जी को दो-दो हत्याओं का आरोपी बताते हुए कहा कि वह सुशांतो सेनगुप्ता की हत्या और राजीव मिश्रा को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोपी हैं। सांसद ने कहा कि उनके ऊपर दर्ज सभी मामले साजिश के तहत कराए गए हैं और यदि उन पर लगाया गया एक भी आरोप साबित हो जाए तो वह सरकार से इच्छा मृत्यु मांग लेंगे।

सांसद ढुल्लू महतो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह भी आरोप लगाया कि मासस नेता मोइज़ खान प्रिंस खान का सबसे बड़ा शूटर है। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष 25 मई को पुलिस ने तालडांगा स्थित मोइज़ खान के घर से प्रिंस खान के मुख्य शूटर रिजवान सिद्दीकी को गिरफ्तार किया था। सांसद के अनुसार रिजवान की गिरफ्तारी के बाद से मोइज़ खान फरार है और मोइज़, रिजवान तथा प्रिंस खान के मुख्य संरक्षक विधायक अरूप चटर्जी हैं।

सांसद ने सवाल उठाते हुए कहा कि विधायक बताएं कि मोइज़ खान कहां है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक इनके माध्यम से फोन कराकर उन्हें फंसाने का काम कर रहे हैं और इसकी जांच कराई जानी चाहिए। सांसद ने कहा कि वह गलत लोगों के सामने न पहले झुके हैं और न आगे झुकेंगे। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि निरसा में उनके द्वारा स्वीकृत एलिवेटेड रोड को विधायक ने रंगदारी के लिए रोक दिया और छह करोड़ रुपये रंगदारी मांगी।

Share This Article