JSLPS की बड़ी उपलब्धि, झारखंड की आम्रपाली पहुंचा दुबई
रांची/देवघर, 07 जुलाई : झारखंड के देवघर जिले में महिला किसानों की मेहनत अब अंतरराष्ट्रीय पहचान हासिल कर रही है। मोहनपुर आजीविका महिला किसान प्रोड्यूसर सोसायटी (एफपीओ) द्वारा बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत तैयार किए गए ‘आम्रपाली’ आम अब दुबई स्थित प्रतिष्ठित लूलू मॉल तक पहुंच गई हैं। अपनी बेहतर गुणवत्ता, आकर्षक स्वाद और मिठास के कारण ये आम वहां के ग्राहकों को भी खूब पसंद आ रही हैं।
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका सिंह पांडेय ने इस उपलब्धि को झारखंड की महिला किसानों के परिश्रम, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के सतत प्रयासों और राज्य सरकार की ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने की दिशा में किए जा रहे कार्यों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की यह पहल ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने के साथ-साथ झारखंड की पहचान को भी नई ऊंचाई दे रही है।
मंत्री ने कहा कि लोकल टू ग्लोबल की सोच को धरातल पर उतारते हुए झारखंड के उत्पाद अब दुनिया के बड़े बाजारों तक पहुंच रहे हैं। इससे न केवल किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा, बल्कि राज्य के कृषि उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अलग पहचान बनेगी।
उन्होंने कहा कि देवघर से दुबई तक ‘आम्रपाली’ आम की यह यात्रा ग्रामीण समृद्धि, महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर झारखंड की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह सफलता राज्य के अन्य किसान उत्पादक संगठनों और महिला समूहों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
इस उपलब्धि को साझा करते हुए मंत्री दीपिका सिंह पांडेय ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर दुबई के लूलू मॉल में प्रदर्शित ‘आम्रपाली’ आम की दो आकर्षक तस्वीरें भी साझा कीं, जिन्हें लोगों की ओर से सराहना मिल रही है।