बकरीद को लेकर चांडिल थाना में शांति समिति की बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
चांडिल, 25 मई : आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को चांडिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार एवं अंचल निरीक्षक रवि कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ प्रबुद्ध नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रशासन की ओर से पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।
एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया अथवा फोन के माध्यम से मिलने वाली किसी भी भ्रामक सूचना की पहले पुष्टि करें, सत्यापन के बिना उसे साझा करने से बचें। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों एवं हुड़दंग मचाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपनी परंपराओं का पालन शांतिपूर्ण तरीके से करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें।
चांडिल पुलिस की ओर से बताया गया कि बकरीद पर्व को लेकर संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि हुड़दंगियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। सोशल मीडिया गतिविधियों की भी लगातार निगरानी की जा रही है।
बैठक में मौजूद लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए शांतिपूर्ण माहौल में बकरीद मनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।