झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का तबादला, कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

नितिन शिवम गुप्ता बने चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी, बदले गए डीटीओ व चांडिल के सीओ

रांची, 24 मई : झारखंड सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था में फेरबदल करते हुए झारखंड प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों का तबादला एवं पदस्थापन किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार विभिन्न जिलों एवं विभागों में पदस्थापित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में सरायकेला-खरसावां जिले के जिला परिवहन पदाधिकारी, चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी, चांडिल के अंचल अधिकारी का भी तबादला किया गया है। झारखंड प्रशासनिक सेवा के 135 पदाधिकारियों का तबादला करते हुए विभिन्न विभागों एवं जिलों में नई पदस्थापना दी गई है।

जारी सूची के अनुसार सरायकेला-खरसावां जिले के परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो को सिमडेगा जिले का अपर समाहर्ता बनाया गया है। वहीं चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय को गढ़वा का अपर समाहर्ता बनाया गया है। उनके स्थान पर चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में अरगोड़ा, रांची के अंचल अधिकारी रहे नितिन शिवम गुप्ता को अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है। वहीं पश्चिम सिंहभूम जिले के आनंदपुर में प्रखंड विकास पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित रहे नाजिया अफरोज को चांडिल का भूमि सुधार उप समाहर्ता बनाया गया है।

इसके साथ ही खूंटी में कार्यपालक दंडाधिकारी के रूप में पदस्थापित रही ब्रजलता को सरायकेला-खरसावां जिले का जिला भू-अर्चन पदाधिकारी के रूप में पदस्थापित किया गया है। इन्हें भूमि सुधार उप समाहर्ता का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। इसी क्रम में चांडिल के अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार महतो का तबादला करते हुए उन्हें सिमरिया, चतरा का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है। सरकार के इस निर्णय को प्रशासनिक कार्यों में तेजी एवं बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article