सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन गंभीर, यातायात नियमों के अनुपालन एवं सुरक्षित वाहन परिचालन की अपील

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन गंभीर, यातायात नियमों के अनुपालन एवं सुरक्षित वाहन परिचालन की अपील

सरायकेला, 23 मई : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिले के सभी दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर आवश्यक चेतावनी संकेतक (साइनेज बोर्ड), रंबल स्ट्रिप, स्पीड ब्रेकर, जिग-जैग बैरिकेडिंग, टर्निंग प्वाइंट संकेतक, जेब्रा क्रॉसिंग एवं स्ट्रीट लाइट की स्थापना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को हुई जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक में पूर्ववर्ती निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई।

मौके पर जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि माह अप्रैल 2026 में जिले में कुल 20 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 14 व्यक्तियों की मृत्यु तथा 19 व्यक्ति घायल हुए। साथ ही यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध अभियान चलाते हुए कुल 31,94,250 की जुर्माना राशि वसूल की गई। उपायुक्त ने सभी राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राज्य मार्ग पर अनावश्यक एवं अवैध रूप से बनाए गए कटिंग (कट पॉइंट) को पूर्णतः बंद करने का निर्देश दिया। साथ ही ऐसे स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अवैध रूप से अनावश्यक सड़कों पर कटिंग बनाने में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एनएच-32, एनएच-33, एनएच-220 के कार्यपालक अभियंता को विशेष कार्य योजना तैयार कर सड़क दुर्घटना नियंत्रण हेतु प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण कर संचालित दुकानों को हटाने, चिन्हित स्थलों पर आवश्यक साइनेज बोर्ड, रंबल स्ट्रिप, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य सुरक्षा उपकरण लगाने का निर्देश दिया गया। बैठक में चौका-खूंटी-बंसा रोड में बने गड्ढों को अविलंब दुरुस्त करने का निर्देश JARDCL को दिया गया। बैठक के दौरान यह भी अवगत कराया गया कि चौका, कांड्रा एवं आदित्यपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध रूप से बड़े वाहनों की पार्किंग की जा रही है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है।

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से आवश्यक निरीक्षण अभियान चलाकर अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। यातायात निरीक्षक द्वारा गम्हरिया-आदित्यपुर क्षेत्र में संध्या समय बाजार एवं यातायात दबाव को देखते हुए बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध (नो एंट्री) लागू करने के प्रस्ताव पर बिंदुवार चर्चा की गई। इस क्रम में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा विशेष कार्य योजना तैयार कर ट्रायल आधार पर व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया गया।

Share This Article