मतदाता सूची में नाम मैपिंग नहीं होने वाले मतदाता 23 मई को अपने मतदान केंद्र पर जाकर कर सकते हैं जांच

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

मतदाता सूची में नाम मैपिंग नहीं होने वाले मतदाता 23 मई को अपने मतदान केंद्र पर जाकर कर सकते हैं जांच

सरायकेला, 22 मई : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड, रांची के निर्देश के आलोक में सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत सभी तीन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर शनिवार 23 मई को Un Mapped Elector List प्रकाशित की जाएगी। यह प्रक्रिया मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत की जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला अंतर्गत आने वाले विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों सरायकेला, खरसावां एवं ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर यह सूची उपलब्ध रहेगी।

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान जिन मतदाताओं का नाम पिछले SIR (2003) की मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया है, वे संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर Un Mapped Elector List में अपना नाम जांच सकते हैं। यह व्यवस्था शनिवार 23 मई को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 05 बजे तक उपलब्ध रहेगी। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने जानकारी दी कि 23 मई को सभी बीएलओ द्वारा अपने-अपने मतदान केंद्रों पर Un Mapped Elector List प्रकाशित की जाएगी। इस निमित्त सभी सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) को ससमय संबंधित बीएलओ को सूची उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

साथ ही 23 एवं 24 मई को सभी बीएलओ पूर्वाह्न 10 बजे से संध्या 05 बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं के नामों का मिलान एवं मैपिंग कार्य सुनिश्चित करेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का नियमित सुपरविजन एवं अनुश्रवण सुनिश्चित करें। जिन बीएलओ का कार्य प्रगति धीमा पाया गया है, उनके लिए विशेष कार्य योजना तैयार कर कार्य में तेजी लाने तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त कार्यबल टैग करने का निर्देश भी दिया गया है।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान निर्देश दिया गया कि अभियान अंतर्गत संचालित गतिविधियों का विभिन्न माध्यमों से स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी अभियान में सहभागी बनाया जाए, ताकि अधिकाधिक मतदाताओं तक सूचना पहुंच सके एवं मतदाता सूची शुद्धिकरण कार्य में जनसहभागिता सुनिश्चित हो।

Share This Article