वाहनों में प्रेस लिखकर घुमने वालों की खैर नहीं, प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर ने डीसी को सौंपा ज्ञापन
जमशेदपुर, 22 मई : वाहनों में प्रेस लिखकर घुमने वालों की बाढ़-सी आ गई है। इस मामले को लेकर प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर का एक प्रतिनिधिमंडल पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त से मिला। उपायुक्त से मिलकर जिला में पत्रकारों की पहचान और अवांछित तत्वों और प्रेस लिखे फर्जी वाहनों पर कार्रवाई की अपील की। क्योंकि हाल के दिनों में तेजी से प्रेस लिखे वाहनों का इस्तेमाल अवांछित तत्व और कुछ अन्य लोग भी कर रहे हैं। इससे वास्तविक पत्रकारो के साथ जिला प्रशासन को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जबकि तथाकथित फर्जी पत्रकार धौंस जमाते हुए वैध – अवैध धंधों को पोषित करते भयादोहन भी करते है। इससे पत्रकारिता की गरिमा धूमिल होने के साथ आम जन मानस को भी शोषित होना पड़ता है।
उपायुक्त ने प्रेस क्लब के आग्रह को गंभीरता से लेते हुए जिला के कार्यशील पत्रकारों की एक सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया जिसके आधार पर अवैध रूप से प्रेस लिखे वाहनों पर कार्रवाई की जाएगी तथा प्रेस के नाम पर भयादोहन करने वाले अवांछित तत्वों को भी चिन्हित कर दंडित किया जाएगा। उन्होंने तत्काल जिला परिवहन पदाधिकारी को ऐसे वाहनों की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी मीडिया हाउस से सक्रिय पत्रकारों की सूची प्राप्त कर प्रशासन को उपलब्ध कराने का निर्देश भी प्रेस क्लब को दिया। इस दौरान प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनोज सिंह, महासचिव विनय पूर्ति, कोषाध्यक्ष अजय कुमार महतो, राघवेंद्र शर्मा, रंगाधर नंदा, उमाशंकर दुबे समेत कई पत्रकार उपस्थित थे।