अवैध बालू माफियाओं पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो का करारा प्रहार, सिरूम चौक पर दो हाइवा जब्त – खनन विभाग की खुली पोल

सरायकेला-खरसावां, 12 जुलाई : जिले में लंबे समय से चल रहे अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ अब आवाज़ बुलंद होने लगी है। बीती रात सिरूम चौक पर जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो के नेतृत्व में स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर उतर कर दो अवैध बालू लदे हाइवा को पकड़ा और प्रशासन को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया।
यह घटना कुकड़ू अंचल और नीमडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत घटित हुई, जहां अवैध खनन माफिया लगातार स्वर्णरेखा नदी से बालू निकालकर उसे ओवरलोड हाइवा के माध्यम से तस्करी कर रहे थे। लेकिन शुक्रवार रात मधुश्री महतो के नेतृत्व में ग्रामीणों की सजगता ने इस काले कारोबार पर तगड़ी चोट पहुंचाई।
घटना की जानकारी मिलते ही कुकड़ू अंचलाधिकारी और नीमडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक न तो पकड़े गए वाहनों का कोई वैध कागजात प्रस्तुत किया गया है और न ही कोई मालिक सामने आया है। पकड़े गए हाइवा रात 10 बजे से मौके पर खड़े हैं।
मधुश्री महतो ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि “देशभर में NGT के निर्देश के बावजूद अवैध खनन जोरों पर है। तिरुलडीह थाना क्षेत्र के स्वर्णरेखा नदी में जेसीबी से रोज़ रात बालू निकाला जा रहा है और ओवरलोड हाइवा में ढोया जा रहा है। यह साफ तौर पर नियमों का उल्लंघन है।”
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस अवैध धंधे में जिला प्रशासन के कुछ अधिकारी भी माफियाओं के साथ मिले हुए हैं। मधुश्री महतो ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।
जनता के हक में खड़ी मधुश्री महतो
जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो का यह साहसी कदम ना सिर्फ कानून व्यवस्था की ओर प्रशासन का ध्यान खींचता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि जब जनप्रतिनिधि ईमानदार हों, तो व्यवस्था को जवाबदेह बनाना संभव है। उनका यह प्रयास पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है और लोगों में एक उम्मीद जगी है कि अवैध बालू कारोबार पर अब लगाम लग सकती है।
अवैध खनन के खिलाफ मधुश्री महतो की पहल एक मिसाल बन रही है। अब देखना है कि जिला प्रशासन कितनी गंभीरता से इस मामले को लेकर कार्रवाई करता है और क्या वाकई बालू माफियाओं की जड़ें हिलती हैं या नहीं।
इधर, ग्रामीणों के विरोध के बाद नीमडीह पुलिस ने दोनों हाइवा को जप्त कर थाना ले गई। बताया जा रहा है कि खनन विभाग द्वारा बालू लदे दोनों हाइवा के कागजात की जांच की जा रही है।



