
साफ-सफाई, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, रोशनी और पार्किंग की होगी व्यवस्था, पर्व से पहले तैयारियां पूरी करने का निर्देश
सरायकेला, 03 नवंबर : आगामी छठ महापर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा को लेकर नगर पंचायत और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर पंचायत एवं जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सरायकेला के श्री जगन्नाथ घाट और कुंदरसाईं घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों की मौजूदा स्थिति का जायजा लेते हुए पर्व के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
निरीक्षण में नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि, कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी, सिटी मैनेजर सुमित सुमन, देवाशीष प्रधान तथा वार्ड पार्षद अंजली राय, वरुण साहू और गौतम नायक सहित नगर पंचायत के कर्मी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान दोनों घाटों पर साफ-सफाई, छठव्रती महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, गहरे पानी वाले स्थानों पर सुरक्षा के लिए रिबन एवं बैरिकेडिंग, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और वाहनों की पार्किंग जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए आवश्यक सुविधाओं की कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति जताई।
नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि छठ महापर्व आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। नगर पंचायत का प्रयास है कि श्रद्धालुओं, विशेषकर छठव्रती महिलाओं को घाटों पर बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण मिले। इसके लिए साफ-सफाई, चेंजिंग रूम, रोशनी, गहरे पानी वाले स्थानों पर सुरक्षा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाएगी। जिला प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी की जाएंगी।
अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान चिह्नित सभी आवश्यक कार्य संबंधित विभागों के समन्वय से समय पर पूरे कराए जाएंगे। विशेष रूप से घाटों पर सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और प्रकाश व्यवस्था पर ध्यान दिया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को रोका जा सके।
वहीं, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अविनाश कवि ने कहा कि दोनों घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्वच्छता, पेयजल, चेंजिंग रूम और सुरक्षा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कार्यपालक पदाधिकारी विपुल सनी ने भी निरीक्षण में चिह्नित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी का भरोसा दिया।
नगर पंचायत और जिला प्रशासन ने आपसी समन्वय से छठ महापर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा से पहले दोनों घाटों पर आवश्यक तैयारियां पूरी करने की बात कही।



