ईचागढ़ में 15 किसानों के बीच बकरी यूनिट का वितरण, पशुपालन से बढ़ेगी ग्रामीणों की आमदनी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

कृषि के साथ पशुपालन अपनाने पर जोर, लाभुकों को उचित देखभाल और नियमित टीकाकरण की दी गई जानकारी

ईचागढ़, 02 नवंबर : किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरायकेला – खरसावां जिला प्रशासन विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों एवं पशुपालकों को स्वरोजगार से जोड़ने की पहल कर रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में पशुपालन विभाग की ओर से 15 यूनिट बकरियों का वितरण किया गया।

जिला परिषद सदस्य, ईचागढ़ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में चयनित लाभुक किसानों के बीच बकरियां वितरित की गईं। इस दौरान किसानों को पशुपालन के महत्व और इससे होने वाले आर्थिक लाभ की जानकारी दी गई। साथ ही बकरियों के उचित रखरखाव, खानपान, स्वास्थ्य और नियमित टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।

मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि किसान खेती के साथ पशुपालन को भी आजीविका का अतिरिक्त साधन बनाकर अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। पशुपालन विभाग की योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण किसानों को स्वरोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

उन्होंने लाभुक किसानों से सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ उठाने तथा अपने आसपास के अन्य किसानों एवं पशुपालकों को भी इन योजनाओं के प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार पशुपालन के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकें।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पशुपालन विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा लाभुक किसान उपस्थित थे।

Share This Article