
27 अक्टूबर के आंदोलन की हुई समीक्षा, कार्यकर्ताओं की कम उपस्थिति के कारण बैठक स्थगित – अब 7 नवंबर को होटल सोहराई गार्डन में जुटेंगे संघ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता
चांडिल/सरायकेला, 02 नवंबर : चांडिल में 27 अक्टूबर को हुए जनप्रदर्शन और धरना-प्रदर्शन के बाद जमीन पर कचरा फेंके जाने का मामला सामने आया है। झारखंड श्रमिक संघ की बैठक में आरोप लगाया गया कि आंदोलन के ठीक अगले दिन 28 अक्टूबर को खूंटी पंचायत के कुरली स्थित मेसर्स जय मंगला स्पंज आयरन प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंधक अथवा निदेशक की ओर से रिजु माझी की जमीन पर तीन हाइवा कचरा फेंका गया। संघ ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की बात कही है।
इस मुद्दे समेत पिछले दिनों हुए जनप्रदर्शन की समीक्षा और आंदोलन की आगे की रणनीति तय करने के लिए उरमाल स्थित जिला पार्टी कार्यालय में झारखंड श्रमिक संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के पूर्व केंद्रीय उपाध्यक्ष ने की। इसमें केंद्रीय महासचिव समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में 27 अक्टूबर के जनप्रदर्शन की समीक्षा करते हुए आगे की कार्रवाई पर चर्चा की गई। बताया गया कि जमीन पर कचरा फेंके जाने की सूचना कंपनी के निदेशक एवं प्रबंधक को दे दी गई है। संघ की ओर से इस मामले में संबंधित विभाग की जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई।
हालांकि, कार्यकर्ताओं की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति के कारण बैठक को स्थगित करते हुए अगली बैठक 7 नवंबर 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया। रिजु माझी ने बताया कि अगली बैठक दोपहर दो बजे चांडिल के जयदा स्थित एनएच-33 किनारे होटल सोहराई गार्डन में होगी। बैठक में इस प्रस्ताव पर सहमति बनी।
बैठक में रिजु माझी, सुखलाल माझी, बबलू सिंह मुंडा, प्रफुल्ल सिंह मुंडा, जागरण सोरेन, राम हांसदा और शैलेन्द्र कुमार मेथी समेत अन्य लोग उपस्थित थे।



