
आदिम कुम्हार महासंघ के ईचागढ़ विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में एकजुटता और सामाजिक जागरूकता पर जोर
ईचागढ़, 25 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड अंतर्गत पहाड़मुड़ी में रविवार को आदिम कुम्हार महासंघ, झारखंड का विधानसभा स्तरीय प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में समाज के शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास पर चर्चा करते हुए शिक्षा को प्राथमिकता देने, युवाओं को नशे से दूर रखने और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया गया।
सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षित, संगठित और जागरूक समाज ही विकास की राह पर आगे बढ़ सकता है। इसके लिए प्रत्येक परिवार को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा। युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार और कौशल विकास के अवसरों से जोड़ने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया।
नशामुक्ति के लिए सामूहिक पहल पर जोर
वक्ताओं ने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और सामाजिक कुरीतियों पर चिंता जताते हुए युवाओं को इससे दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि नशा परिवार और समाज की प्रगति में बाधक है। इसे रोकने के लिए सामाजिक स्तर पर सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
पंचायत से विधानसभा तक बढ़े भागीदारी
सम्मेलन में समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत से लेकर विधानसभा तक समाज की प्रभावी उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए संगठित प्रयास करने होंगे। साथ ही समाज के हितों से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने और योग्य लोगों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में आदिम कुम्हार महासंघ के केंद्रीय अध्यक्ष सुधीर कुंभकार, केंद्रीय उपाध्यक्ष अनिता पारित, जागरण पाल, महासचिव साधुचरण पाल, जिला अध्यक्ष सुकदेव कुमार, बुद्धेश्वर कुंभकार, साधना पाल, तारा कुमार, कौशल्या देवी, लक्ष्मीकांत कुंभकार, धनंजय कुंभकार, शरत कुमार और गणेश कुंभकार समेत अन्य पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे।