सुरक्षा बैठक के बावजूद वारदात जारी, स्थानीय लोगों में आक्रोश – पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
आदित्यपुर, 17 अक्टूबर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मोती नगर के रोड नंबर-2 का है, जहां चोरों ने पानी के मीटर चोरी कर लिए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मोती नगर में पिछले कुछ दिनों से लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे क्षेत्र के लोग अपनी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। लोगों का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व एशिया भवन सभागार में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैठक हुई थी। इसके बावजूद क्षेत्र में चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों को उम्मीद है कि पुलिस की सक्रियता बढ़ने से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगेगा और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम होगा।



