गोलमुरी सब्जी बाजार में भीषण आग, नौ से अधिक दुकानें जलकर राख

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

गोलमुरी सब्जी बाजार में भीषण आग, नौ से अधिक दुकानें जलकर राख

जमशेदपुर, 16 अक्टूबर : : गोलमुरी सब्जी बाजार में गुरुवार देर रात करीब 11 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक के बाद एक कई दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। घटना में नौ से अधिक दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि आसपास की कुछ दुकानों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।

बताया जाता है कि बाजार में अधिकांश दुकानें बांस-बल्ली और झुग्गीनुमा संरचनाओं में बनी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कई दुकानदार अपनी दुकानों और सामान को बचाने के लिए बाजार पहुंचे।

सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे बाजार के अन्य हिस्सों में फैलने से रोका। हालांकि, तब तक कई दुकानों में रखा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

अगलगी में हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है। आग लगने के वास्तविक कारणों का भी पता नहीं चल पाया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

गौरतलब है कि गोलमुरी सब्जी बाजार में पहले भी आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे में एक बार फिर बाजार में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Share This Article