राजस्व वसूली में लापरवाही पर सख्ती, बड़े बकायेदारों को नोटिस और अवैध खनन पर कार्रवाई के निर्देश

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

कोल्हान आयुक्त ने राजस्व संग्रहण की समीक्षा कर वार्षिक लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए विभागों को कार्ययोजना बनाने को कहा

जमशेदपुर, 15 अक्टूबर : राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और सरकारी बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित करने को लेकर कोल्हान प्रमंडलीय आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। समाहरणालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की प्रगति का जायजा लिया और निर्धारित वार्षिक लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर काम करने को कहा।

बैठक में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। आयुक्त ने कहा कि राजस्व संग्रहण में अपेक्षित प्रगति नहीं करने वाले विभाग अपनी कार्यशैली में सुधार करें। बकाया राशि की वसूली और लक्ष्य प्राप्ति के लिए नियमित समीक्षा के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अवैध खनन और शराब तस्करी पर नजर

खनन विभाग को अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और नियमों के उल्लंघन पर निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया गया। खनिज परिवहन में लगे वाहनों की जांच करने के साथ बकाया राजस्व और रॉयल्टी की वसूली सुनिश्चित करने को कहा गया।

वहीं, उत्पाद विभाग को अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाने तथा पड़ोसी राज्यों से शराब की आवाजाही पर कड़ी नजर रखने का निर्देश मिला। राज्य कर विभाग को बड़े बकायेदारों की पहचान कर नोटिस जारी करने, करदाताओं के ऑडिट, क्षेत्रीय निरीक्षण और बकाया कर की वसूली के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।

ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई, बिजली बिल की भी होगी वसूली

परिवहन विभाग को वाहनों के परमिट और आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने तथा ओवरलोड वाहनों से नियमानुसार जुर्माना वसूलने का निर्देश दिया गया। विद्युत विभाग को बड़े बकायेदारों से बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने को कहा गया।

इसके अलावा मत्स्य विभाग को लंबित तालाबों की बंदोबस्ती शीघ्र पूरी करने, कृषि विभाग को उर्वरकों की कालाबाजारी पर कार्रवाई करने और माप-तौल विभाग को दुकानों में घटतौली तथा पेट्रोल पंपों पर ईंधन की गुणवत्ता एवं माप में अनियमितताओं की जांच करने का निर्देश दिया गया। नगर निकायों को भी अपने आंतरिक संसाधनों और संभावित स्रोतों के माध्यम से राजस्व संग्रहण बढ़ाने को कहा गया।

लंबित नीलाम पत्र वादों के निष्पादन पर जोर

नीलाम पत्र वादों की समीक्षा के दौरान आयुक्त ने लंबित मामलों में नियमानुसार नोटिस जारी करने और बकाया राशि की वसूली के लिए विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया। जरूरत के अनुसार कुर्की, वारंट और संपत्ति की नीलामी जैसी प्रक्रियाएं अपनाने को कहा गया। साथ ही, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए न्यायालयों में सुनवाई बढ़ाने और वादों की नियमित समीक्षा करने पर जोर दिया गया।

बैठक में एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के नगर आयुक्त योगेन्द्र प्रसाद, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, एडीएम विधि-व्यवस्था मुकेश मछुआ, एसडीएम घाटशिला अमिताभ भगत, भूमि सुधार उप समाहर्ता धालभूम सच्चिदानंद महतो, जिला परिवहन पदाधिकारी महेश्वरी यादव सहित सभी अंचल अधिकारी और संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article