राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश, विकास कार्यों में देरी करने वाले संवेदक होंगे ब्लैकलिस्टेड

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अवैध खनन और शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज करने पर जोर, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की होगी नियमित जांच

सरायकेला, 12 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले में राजस्व संग्रहण और विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रवि रंजन कुमार विक्रम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कार्यकारी एजेंसियों के कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।

बैठक में आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने और इसकी नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया। जिला खनन पदाधिकारी को अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ नियमित जांच अभियान चलाकर दोषियों पर कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहन जांच तेज करने और अधीक्षक उत्पाद को अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने का निर्देश दिया गया।

नगर निकायों में राजस्व संग्रहण में तेजी लाने के साथ साफ-सफाई, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना समेत अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं अन्य भवनों के निर्माण में तेजी लाने का निर्देश देते हुए आयुक्त ने स्पष्ट किया कि अनावश्यक विलंब करने वाले संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। ऐसे संवेदकों को काली सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू करने और अन्य जिलों को भी इसकी जानकारी देने का निर्देश दिया गया।

आयुक्त ने कार्यपालक अभियंताओं को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने तथा संवेदकों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति पर नजर रखने को कहा। उन्होंने उपायुक्त को भी विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाएं समय पर पूरी हों और आम लोगों को उनका लाभ मिल सके।

Share This Article