नीमडीह में बालू लदा हाईवा पलटा, चालक और खलासी सुरक्षित – बालू की वैधता पर उठे सवाल

MANBHUM UPDATES
1 Min Read

नीमडीह, 12 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत काड़का सिंदूरपुर में सोमवार अहले सुबह बालू लदा दस चक्का हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में वाहन पर लदा बालू सड़क किनारे बिखर गया। राहत की बात रही कि दुर्घटना में चालक और खलासी दोनों सुरक्षित हैं।

हादसे के बाद हाईवा में लदे बालू की वैधता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, बालू वैध था या अवैध, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

दुर्घटना के बाद सड़क पर बिखरे बालू को जेसीबी की मदद से हटाया गया। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को हाइड्रा क्रेन की सहायता से उठाया गया। इसके बाद सड़क पर आवागमन सामान्य हो सका।

इधर, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कुकड़ू-आदारडीह मार्ग पर भोर के समय बड़े वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सुबह के समय भारी वाहनों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

इस संबंध में अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिली है। वाहन के कागजात की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नीमडीह पुलिस ने भी दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।

Share This Article