जिला प्रशासन अलर्ट, तटीय और निचले इलाकों के लोगों से सावधानी बरतने की अपील
जमशेदपुर, 31 अगस्त : पूर्वी सिंहभूम जिले में स्वर्णरेखा और खरकई नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन ने नदी के तटीय एवं निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन के अनुसार, खरकई नदी खतरे के निशान से 1.95 मीटर ऊपर बह रही है।
जिला प्रशासन ने लोगों से नदी घाटों और डूब क्षेत्रों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। खासकर बच्चों को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने का निर्देश दिया गया है। जलजमाव वाले इलाकों में अनावश्यक आवागमन नहीं करने की भी सलाह दी गई है।
प्रशासन ने तटीय और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से किसी भी तरह की आपात स्थिति उत्पन्न होने पर सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा है। साथ ही नगर निकायों द्वारा चिन्हित आश्रय स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने कहा कि जलस्तर और स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है। नागरिकों से प्रशासन एवं स्थानीय प्रशासन द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सतर्कता बरतने की अपील की गई है।



