जिला आयुष समिति के मार्गदर्शन में एनपीएस महाबुरू एवं आर्चरी अकादमी, दुगनी में आयुर्विद्या स्वास्थ्य शिविर आयोजित
सरायकेला, 21 जुलाई : जिला आयुष समिति, सरायकेला खरसावां के मार्गदर्शन एवं आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पूनम कुमारी के नेतृत्व में मंगलवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, कुचाई की टीम द्वारा एनपीएस महाबुरू एवं आर्चरी अकादमी, दुगनी में आयुर्विद्या स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।
एनपीएस महाबुरू में आयोजित स्वास्थ्य शिविर के दौरान 42 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। इस अवसर पर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, दैनिक जीवन में स्वास्थ्य का समुचित प्रबंधन करने तथा रोगों की रोकथाम के संबंध में जागरूक किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के बीच आवश्यक होम्योपैथिक औषधियों का वितरण किया गया।
वहीं, आर्चरी अकादमी, दुगनी में आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी (सीएचओ) डॉ. प्रीति कुमारी द्वारा प्रशिक्षुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं आयुष औषधियों का वितरण किया गया। शिविर के दौरान प्रशिक्षुओं को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला आयुष समिति द्वारा बताया गया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना, विद्यार्थियों एवं आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है।