पालतू कुत्ते और बकरी को लेकर मामा-भांजी में खूनी संघर्ष, दोनों गंभीर रूप से घायल

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पालतू कुत्ते और बकरी को लेकर मामा-भांजी में खूनी संघर्ष, दोनों गंभीर रूप से घायल

चाईबासा, 21 जुलाई : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनापोस पंचायत के आंवला टोला रेडगासाई गांव में सोमवार देर शाम पालतू कुत्ते और बकरी को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रिश्ते में मामा-भांजी बताए जा रहे दो पक्षों के बीच मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज मझगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

घायलों की पहचान आंवला गांव निवासी सावित्री पिंगुवा (30 वर्ष) तथा सिंगराई भुसुय (32 वर्ष) के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि सावित्री पिंगुवा के पालतू कुत्ते द्वारा सिंगराई भुसुय की बकरी और मुर्गियों को नुकसान पहुंचाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करने लगे।

सावित्री पिंगुवा ने आरोप लगाया कि सिंगराई भुसुय ने ट्रैक्टर के लोहे के रॉड से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।

वहीं, सिंगराई भुसुय और उनकी पत्नी सुखमति भुसुय का आरोप है कि जब उन्होंने कुत्ते द्वारा बकरी और मुर्गियों को नुकसान पहुंचाने की शिकायत की तो सावित्री पिंगुवा ने जलावन की लकड़ी से सिंगराई के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए।

घटना के बाद दोनों पक्ष अलग-अलग वाहनों से मझगांव थाना पहुंचे। सावित्री पिंगुवा घायल अवस्था में स्कूटी से थाने पहुंचीं, जबकि सिंगराई भुसुय अपनी पत्नी और छह छोटे बच्चों के साथ ट्रैक्टर से बारिश के बीच थाना पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद मझगांव पुलिस दोनों घायलों को इलाज के लिए मझगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। वहां प्रभारी चिकित्सक डॉ. सनातन चातार ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया तथा सिर में लगी गंभीर चोटों पर टांके लगाए।

समाचार लिखे जाने तक दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article