एसपी के निर्देश पर आदित्यपुर में सड़कों पर पैदल चलते दिखे पुलिस

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

एसपी के निर्देश पर आदित्यपुर में सड़कों पर पैदल चलते दिखे पुलिस

आदित्यपुर, 14 जुलाई : सरायकेला खरसावां जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को सुरक्षा का अहसास दिलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को आदित्यपुर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में सघन पैदल गश्ती की।

इस दौरान पुलिस टीम ने मुस्लिम बस्ती, एस टाइप कॉलोनी, फुटबॉल मैदान एवं अन्य संवेदनशील इलाकों में पैदल गश्त कर दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद किया।

गश्ती के दौरान पुलिसकर्मियों ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से क्षेत्र की समस्याओं, सुरक्षा व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों को लेकर चर्चा की। नागरिकों ने भी पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई। पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

उधर, लगातार हो रही पैदल गश्ती से इलाके के असामाजिक तत्वों में डर का माहौल है। वहीं आम लोगों में पुलिस की सक्रियता को लेकर संतोष देखा जा रहा है।

आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पैदल गश्ती का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को सुरक्षा प्रदान करना और पुलिस व जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। आगे भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।

गश्ती दल में थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

Share This Article