पटमदा थाना में हुई पुलिस-पब्लिक समन्वय बैठक – अपराधमुक्त एवं नशामुक्त समाज बनाने का लिया गया संकल्प

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

पटमदा थाना में हुई पुलिस-पब्लिक समन्वय बैठक – अपराधमुक्त एवं नशामुक्त समाज बनाने का लिया गया संकल्प

पटमदा, 13 जुलाई : पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा थाना परिसर में सोमवार को पुलिस पब्लिक रिलेशन रिफॉर्म मीटिंग का आयोजन थाना प्रभारी बिष्णु चरण भोगता की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। बैठक का उद्देश्य पुलिस एवं आम जनता के बीच विश्वास, संवाद और समन्वय को मजबूत करते हुए क्षेत्र में शांति, सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था को और प्रभावी बनाना था।

बैठक में पटमदा अवर निरीक्षक अजय कुमार ठाकुर, थाना प्रभारी बिष्णु चरण भोगता, जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा एवं खगेन महतो, विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू, झामुमो नेता सुभाष कर्मकार, सामाजिक कार्यकर्ता विश्वनाथ महतो, मृत्युंजय महतो, सुधीर चंद्र टुडू, संदीप मिश्रा, फूलचांद महतो मांझी बाबा टीकाराम मुर्मू विभिन्न पंचायतों के ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में थाना क्षेत्र में बढ़ते सामाजिक सरोकारों, युवाओं में नशे की प्रवृत्ति, चोरी की घटनाओं की रोकथाम, मादक पदार्थों की अवैध बिक्री पर कठोर कार्रवाई, सड़क सुरक्षा, बाल संरक्षण, सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन तथा सरकारी नियमों के सख्ती से पालन जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही आपसी रंजिश और विवादों को बातचीत एवं आपसी सहयोग से सुलझाने पर जोर दिया गया।

थाना प्रभारी बिष्णु चरण भोगता ने कहा कि पटमदा थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराध, नशा और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाएगा। इसमें आम जनता का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। पुलिस और जनता मिलकर ही सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण समाज का निर्माण कर सकते हैं।

इंस्पेक्टर अजय कुमार ठाकुर ने कहा कि नशा समाज की सबसे बड़ी बुराइयों में से एक है। युवाओं को इससे दूर रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री, चोरी या किसी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना मिले तो लोग बिना संकोच पुलिस को जानकारी दें। हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

जिला परिषद सदस्य प्रदीप बेसरा ने कहा कि गांव-गांव में जनजागरूकता बढ़ाकर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। सामाजिक सहभागिता से ही अपराध और नशे पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
विधायक प्रतिनिधि चंद्रशेखर टुडू ने कहा कि पटमदा को अपराधमुक्त, नशामुक्त और सौहार्दपूर्ण क्षेत्र बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। युवाओं को शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
आगे कहा क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधि और ग्रामीण पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर शांति, भाईचारा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर अपराधमुक्त, नशामुक्त, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण पटमदा के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का सामूहिक संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने भी जनता से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share This Article