कपाली में बुजुर्ग पर फायरिंग करने का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार
चांडिल, 10 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के तमोलिया स्थित गोविंद विद्यालय के पीछे गुरुवार शाम हुई फायरिंग मामले में कपाली पुलिस को बड़ी सफलता हासिल हुई। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
गुरुवार शाम को 65 वर्षीय शेख नूर उर्फ़ काना बाबू पर अज्ञात कारणों से फायरिंग की गई थी। गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वे घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा था, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घायल के पुत्र राज ने बताया कि उनके पिता दुकान से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान गोल्डन नामक युवक ने उन पर गोली चला दी। राज का आरोप है कि आरोपी ने उनके पिता को जान से मारने की धमकी भी दी है।
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने घटनास्थल से एक ज़िंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। मामले की जांच पूरी करने के साथ ही कपाली पुलिस ने आरोपी गोल्डन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी थी, जिसमें पुलिस को सफलता हासिल हुई हैं। महज 24 घंटे के भीतर ही फायरिंग करने के आरोपी को कपाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना के तत्काल बाद ही कपाली पुलिस का सक्रिय होना और महज 24 घंटे के भीतर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेना, यह संकेत दे रही है कि पुलिस अब अपराधियों से निपटने के लिए पूरी तरह कमर कस ली है। बताया जा रहा है कि एसपी के निर्देश पर गुरुवार रातभर कपाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की। ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम अपना नींद और आराम त्याग कर कपाली के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर आरोपी गोल्डन को ढूंढ निकाला है।