नकली सिगरेट के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, 39 लाख रुपये के नकली सिगरेट के साथ दो गिरफ्तार
जमशेदपुर, 08 जुलाई : वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पूर्वी सिंहभूम के मानगो पुलिस तथा सरायकेला खरसावां के कपाली पुलिस की संयुक्त अभियान में बड़े पैमाने पर नकली सिगरेट का खेप बरामद हुआ है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मानगो थाना क्षेत्र में नकली सिगरेट की खरीद-बिक्री कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से 500 पैकेट नकली सिगरेट और एक स्कूटी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने सरायकेला खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत इस्लाम नगर स्थित एक गोदाम में छापेमारी की, जहां से 19 प्लास्टिक बोरा एवं 38 पेटी में पैक भारी मात्रा में नकली सिगरेट जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, जब्त सिगरेट की अनुमानित बाजार कीमत करीब 39 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और यह पता लगाया जा रहा है कि नकली सिगरेट की आपूर्ति कहां से की जा रही थी तथा इस अवैध कारोबार से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।