ताजनगर में पुलिस कार्रवाई पर बवाल, युवक से मारपीट का आरोप – बड़ी संख्या में लोग पहुंचे कपाली ओपी

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 25 मई : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत ताजनगर में पुलिस की कार्रवाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने कपाली ओपी में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम पर दुर्व्यवहार और युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल देखा गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से पुलिस की कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में असंतोष बना हुआ है। लोगों का कहना है कि सिविल ड्रेस में पहुंच रहे पुलिसकर्मी इलाके में दहशत का माहौल बना रहे हैं और बिना स्पष्ट कारण के युवकों से पूछताछ की जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार ताजनगर निवासी अशफाक अंसारी अपने दैनिक कार्य समाप्त करने के बाद गर्मी के कारण घर के समीप मैदान में बैठा हुआ था। उसके साथ आसपास के कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार करीब छह पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में वहां पहुंचे और युवकों से पूछताछ शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिसकर्मियों ने युवकों की तलाशी भी ली। आरोप है कि जांच के दौरान अचानक कपाली ओपी के सब इंस्पेक्टर खुर्शीद आलम ने अशफाक अंसारी पर लाठी बरसानी शुरू कर दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग जमा हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही ताजनगर क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग कपाली ओपी पहुंचे और पुलिस कार्रवाई पर आपत्ति जताई। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Share This Article