आदित्यपुर में मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन को उमड़ी महिलाओं की भीड़, गर्मी में घंटों इंतजार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

आदित्यपुर में मंईयां सम्मान योजना के सत्यापन को उमड़ी महिलाओं की भीड़, गर्मी में घंटों इंतजार

 

आदित्यपुर, 23 मई : राज्य सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत दस्तावेज सत्यापन कार्य को लेकर आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-15 स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में शनिवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीषण गर्मी के बावजूद सुबह से ही सैकड़ों महिलाएं योजना का लाभ लेने के लिए सत्यापन केंद्र पहुंचीं, जिससे परिसर में लंबी कतारें लग गईं।

योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के लिए वोटर कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं बैंक खाता अनिवार्य किया गया है। साथ ही बैंक खाते का आधार से लिंक होना भी जरूरी बताया गया है।

दस्तावेज पहले जमा करने और लाइन में आगे लगने को लेकर महिलाओं के बीच कई बार नोक-झोंक की स्थिति भी उत्पन्न हुई। बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था को देखते हुए वार्ड-15 के पार्षद नथुनी सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और महिलाओं को शांत कराया। उन्होंने सभी महिलाओं से लाइन में लगकर क्रमवार दस्तावेज जमा करने की अपील की।

पार्षद ने कहा कि सभी पात्र महिलाओं के दस्तावेज जमा किए जाएंगे, इसलिए किसी को घबराने या विवाद करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने व्यवस्था बनाए रखने में लोगों से सहयोग की भी अपील की।

इधर, तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बीच टीन शेड के नीचे घंटों इंतजार कर रही महिलाओं ने प्रशासन से छाया और पेयजल की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। महिलाओं का कहना था कि भारी गर्मी में लंबे समय तक खड़े रहने से परेशानी हो रही है।

फिलहाल दुर्गा मंदिर परिसर में दस्तावेज सत्यापन का कार्य जारी है और बड़ी संख्या में महिलाएं योजना का लाभ लेने पहुंच रही हैं।

Share This Article