विभिन्न पंचायतों में श्रमिक निबंधन शिविर का हुआ आयोजन, श्रम कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

विभिन्न पंचायतों में श्रमिक निबंधन शिविर का हुआ आयोजन, श्रम कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर जोर

सरायकेला, 22 मई : उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देशानुसार श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर के नेतृत्व में श्रम विभाग द्वारा जिले के विभिन्न पंचायतों में श्रमिक निबंधन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को राजनगर प्रखंड अंतर्गत धुरिपदा पंचायत, गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत दुगनी पंचायत, खरसावां प्रखंड अंतर्गत कृष्णापुर पंचायत, चांडिल प्रखंड अंतर्गत झबरी पंचायत एवं सरायकेला प्रखंड अंतर्गत पठानमारा पंचायत में श्रमिक निबंधन शिविर आयोजित किया गया।

शिविर के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का निबंधन करते हुए उन्हें विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही श्रमिकों को सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु निबंधन कराने के लिए जागरूक किया गया। संबंधित पदाधिकारियों द्वारा श्रमिकों को ई-श्रम निबंधन, श्रमिक पंजीकरण से प्राप्त होने वाले लाभ, श्रम सुरक्षा योजनाओं एवं अन्य विभागीय सुविधाओं के संबंध में जानकारी दी गई।

साथ ही अधिकाधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं से आच्छादित करने तथा निबंधन प्रक्रिया को सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा संबंधित कर्मियों को पंचायत स्तर पर नियमित जागरूकता अभियान चलाते हुए अधिक से अधिक श्रमिकों का निबंधन सुनिश्चित करने तथा श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। श्रम अधीक्षक द्वारा बताया गया कि असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का निबंधन सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Share This Article