चांडिल : 10 जुलाई को माकुलाकोचा सामुदायिक भवन में होगा ग्राम सभा प्रतिनिधियों का क्षमता विकास कार्यशाला शिविर

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

चांडिल : 10 जुलाई को माकुलाकोचा सामुदायिक भवन में होगा ग्राम सभा प्रतिनिधियों का क्षमता विकास कार्यशाला शिविर

चांडिल, 8 जुलाई : आगामी 10 जुलाई को आयोजित होने वाले ग्राम सभा प्रतिनिधियों का क्षमता विकास कार्यशाला शिविर को लेकर बुधवार को दलमा रिसोर्ट में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में आयोजकों ने बताया कि कार्यशाला का आयोजन माकुलाकोचा सामुदायिक भवन में दोपहर 12:30 बजे से किया जाएगा, जिसमें कोल्हान प्रमंडल के विभिन्न ग्राम सभाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन एवं जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच (कोल्हान प्रमंडल) के संयोजक सुकलाल पहाड़िया ने कहा कि अनुसूचित क्षेत्रों में ग्राम सभाओं को संविधान प्रदत्त अधिकारों, पेसा कानून, वनाधिकार अधिनियम तथा जल, जंगल और जमीन से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर सशक्त बनाना इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभाओं की भागीदारी के बिना प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा संभव नहीं है।

आदिवासी भूमिज मुंडा युवा एकता मंच के रविन्द्र सिंह सरदार ने कहा कि कार्यशाला में ग्राम सभा प्रतिनिधियों को संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों, ग्राम सभा की भूमिका तथा स्थानीय स्वशासन को मजबूत बनाने के विषय पर विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस अवसर पर गुरुचरण कर्मकार, मंगल पहाड़िया, जितू पहाड़िया, सुषेण सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने कहा कि ग्राम सभाओं को संगठित एवं जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है, ताकि विकास योजनाओं में स्थानीय समुदाय की सहभागिता और अधिकार सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम का आयोजन झारखंड सामुदायिक वनपाल संस्थान, रांची एवं झारखंड जंगल बचाओ आंदोलन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। सहयोगी संगठनों में दलमा क्षेत्र ग्राम सभा सुरक्षा मंच (कोल्हान प्रमंडल), गांव गणराज्य लोक समिति (कोल्हान), आदिवासी समन्वय समिति चांडिल अनुमंडल, आदिम जनजाति विकास समिति चांडिल, गांव गणराज्य लोक परिषद चांडिल, आदिवासी भूमिज मुंडा युवा एकता मंच (झारखंड दिशोम) तथा झारखंड ग्राम सभा सुरक्षा मंच शामिल हैं।

इस मौके पर सुकलाल पहाड़िया, रविन्द्र सिंह सरदार, गुरुचरण कर्मकार, मंगल पहाड़िया, जितू पहाड़िया, सुषेण सिंह सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अंत में आयोजकों ने कोल्हान क्षेत्र की सभी ग्राम सभा प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं जागरूक नागरिकों से 10 जुलाई को दोपहर 12:30 बजे माकुलाकोचा सामुदायिक भवन में आयोजित क्षमता विकास कार्यशाला में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।

Share This Article